चंडीगढ़ पंजाब में कोराना वायरस से COVID-19 से एक और मरीज की मौत हो गई है। स्वर्ण मंदिर साहिब के पूर्व हुजूरी रागी निर्मल सिंह का निधन हो गया है। वह पद्मश्री से सम्मानित थे। 62 साल के निर्मल सिंह को बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था और उनका इलाज किया जा रहा था। उन्होने वीरवार सुबह दम तोड़ दिया। इसके साथ ही पंजाब और चंडीगढ़ में कोरोना से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।
बुधवार को राज्य में पांच नए मामले सामने आए थे। एक केस लुधियाना, एक अमृतसर और तीन मोहाली से रिपोर्ट हुए। इनमें श्री हरिमंदिर साहिब के 62 वर्षीय पूर्व हुजूरी रागी भी शामिल थे। वह कुछ माह पहले इंग्लैंड से लौटे थे। उन्हें अमृतसर स्थित गुरुनानक देव अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उनके परिवार और दो ड्राइवरों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।
वहीं, लुधियाना में जिस महिला की मौत हो गई थी, उसके संपर्क में आने से एक और महिला संक्रमित हो गई है। हालांकि, परिवार के बाकी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मोहाली में बुधवार को तीन पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। मोहाली के नयागांव में मंगलवार को ही एक व्यक्ति की मौत हुई थी।